भारत vs बांग्लादेश: टीम इंडिया का चयन 24 को, ‘सबसे बड़े खिलाड़ी’ को मिलेगा आराम

0
233

नई दिल्ली: भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ (India vs South Africa) क्लीन स्वीप करने के बाद अब बांग्लादेश की चुनौती के लिए तैयार है. बांग्लादेश की टीम अगले महीने भारत के खिलाफ टी20 और टेस्ट सीरीज (India vs Bangladesh) खेलेगी. बीसीसीआई के चयनकर्ता इस टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम (Team India) का चयन गुरुवार (24 अक्टूबर) को करेंगे. बांग्लादेश की टीम टी20 मैचों में भारत को कड़ी टक्कर देती रही है. इसके बावजूद चननकर्ता इस सीरीज में भारतीय टीम के ‘सबसे बड़े खिलाड़ी’ को आराम दे सकते हैं. 

बीसीसीआई (BCCI) और विराट कोहली (Virat Kohli) की कप्तानी वाली टीम के लिए वर्कलोड मैनेजमेंट प्राथमिकता रही है. कई सीनियर खिलाड़ी बीच में आराम करते रहे हैं. लेकिन खुद कोहली ने जनवरी के बाद कोई ब्रेक नहीं लिया है. इसे देखते हुए कप्तान कोहली को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में आराम दिया जा सकता है. बांग्लादेश की टीम भारत से पहला टी20 मैच तीन नवंबर को खेलेगी.  
एक सूत्र ने कहा, ‘हां, वे (कोहली) टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे. वे लगातार खेल रहे हैं और उन्हें आराम करने की जरूरत है. वे ऑस्ट्रेलिया सीरीज, आईपीएल, विश्व कप, वेस्टइंडीज दौरे और दक्षिण अफ्रीका सीरीज लगातार खेल रहे हैं. खिलाड़ियों का वर्कलोड मैनेजमेंट, खासकर उनका जो तीनों प्रारूपों में खेल रहे हैं, हमारी प्राथमिकताओं में रहा है. हम चाहते हैं कि खिलाड़ी तरोताजा रहें और हमेशा अपने खेल के शीर्ष पर रहें.’
विराट कोहली हालांकि बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज का हिस्सा होंगे. उन्होंने इस बात को साफ कर दिया है कि टेस्ट प्रारूप उनके दिल के काफी करीब है. सूत्र ने कहा, ‘हां, वे टेस्ट सीरीज में वापस आ जाएंगे.’

टी20 सीरीज के लिए टीम का चयन 24 अक्टूबर को किया जाएगा. बीसीसीआई के भावी अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly)  चयनकर्ताओं से महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) को लेकर बात करेंगे. महेंद्र सिंह धोनी ने आईसीसी विश्व कप के बाद एक भी मैच नहीं खेला है.