दिसंबर की शुरुआत में महाराष्ट्र में शिवसेना के नेतृत्व वाली सरकार होगी – संजय राउत

0
205

नई दिल्ली । शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा, 'शरद पवार क्या कहते हैं, इसे समझने के लिए 100 बार जन्म लेना पड़ेगा।' शिवसेना सांसद दिल्ली स्थित अपने घर पर मीडिया ब्रीफिंग के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। इसी दौरान पवार के लगभग 'यू-टर्न' लेने पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह बात कही। राउत ने कहा, 'आपको पवार और हमारे गठबंधन को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। बहुत जल्दी ही यानी दिसंबर की शुरुआत में महाराष्ट्र में शिवसेना के नेतृत्व वाली एक सरकार होगी। यह एक स्थिर सरकार होगी।' राउत ने कहा कि सरकार गठन को लेकर शिवसेना को कोई संदेह नहीं है, लेकिन मीडिया इस पर संदेह पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी महाराष्ट्र के किसानों के मुद्दों पर एनसीपी प्रमुख के साथ चर्चा हुई थी। राउत ने कहा, 'क्या गलत है अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पवार की तारीफ कर दी? इससे पहले मोदी ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था कि पवार उनके राजनीतिक गुरु हैं। इसलिए इसमें कोई राजनीति न देखें।'