कांग्रेसकाल में प्रति व्यक्ति आय 47गुना बढ़ी जबकि भाजपा के 20साल में 12 गुना

0
402

राज्य का सकल घरेलू उत्पाद 55 साल में 116गुना बढ़ा जबकि 20साल में 15.23 गुना

रोजगार निर्माण को सर्वोच्च प्रथमिकता बनाये सरकार-कांग्रेस

भोपाल 1नवंबर 2025

मध्यप्रदेश कांग्रेस के विचार विभाग के अध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने मध्य प्रदेश की जनता को 70 वें स्थापना दिवस की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री जी के उस बयान को आपत्तिजनक माना है जिसमें वे भाजपा सरकार के 20 वर्ष के कार्यकाल को कांग्रेस के 55 साल की सरकारों पर भारी बता रहे हैं।
गुप्ता ने कहा कि 1956 में प्रदेश की जीएसडीपी मात्र 900 करोड रुपए थी जिसे 2003 में 1लाख 5 हजार करोड़ पर छोड़ा गया है यानी 55 साल में 116 गुना वृद्धि सकल घरेलू उत्पाद में दर्ज हुई जबकि 2003 के बाद आज हमारा जीएसडीपी 16 लाख करोड रुपए है ।यानी इसमें 15 गुना ही वृद्धि हुई ।2003 में प्रदेश पर 32000 करोड रुपए का कर्ज था जो आज 15 गुना बढ़कर लगभग 4लाख 64 हजार करोड़ हो गया है इसका अर्थ है कि प्रदेश ने 15 गुना कर्ज लिया और वहीं जीएसडीपी में 15 गुना वृद्धि हुई ।
गुप्ता ने कहा कि प्रदेश का ग्रोथ इंजन सर्विस सेक्टर इंडस्ट्री पर टिका हुआ है जिसमें 2003 के बाद कोई भी तरक्की नहीं हुई है 2003 के 43% योगदान पर आज भी सर्विस सेक्टर टिका हुआ है ।कृषि का योगदान लगातार घट रहा है और मैन्युफैक्चरिंग का योगदान चींटी की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है तब यह 20 वर्ष किस तरह 55 साल पर भारी हैं यह बीजेपी को बताना चाहिए।
गुप्ता ने कहा की हर सरकार ने इस प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए परिश्रम किया है कांग्रेस के 55 सालों में जो 116 गुना विकास हुआ है वह गरीबी और साधनहीनता के दौर का विकास है लेकिन जब पूर्णतः विकसित प्रदेश भाजपा सरकार के हाथ में दिया गया तब तरक्की के केवल नारे लगाए जा रहे हैं लेकिन तरक्की की रफ्तार चींटी जैसी है ।
गुप्ता ने कहा कि बेहतर यही होगा कि हम दूसरी सरकारों को कोसने की बजाय प्रदेश के विकास इंजन को रफ्तार देने की योजनाएं बनाएं। आज मध्य प्रदेश को 2047 के नहीं बल्कि 2025 और 2028 के विजन डॉक्यूमेंट की जरूरत है । मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था चूंकि सर्विस सेक्टर के खंबों पर खड़ी हुई है इसलिए मध्य प्रदेश सरकार को बेरोजगारी पर सीधा हमला बोलकर नौकरियों के निर्माण पर जोर देना चाहिए और उसे प्रदेश की प्राथमिकता बनाना चाहिए।